कोटपूतली-बहरोड़, 8 मई। जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में जिले के आशान्वित ब्लॉक नीमराणा एवं बानसूर से संबंधित आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम की समीक्षा बैठक शुक्रवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में नीति आयोग द्वारा जारी रैंकिंग एवं विभिन्न विकास संकेतकों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

जिला कलक्टर ने कहा कि आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य विकास के मानकों पर पिछड़ रहे ब्लॉकों में जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि एवं आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का प्रभावी समन्वय कर विकास को गति दी जा रही है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में पोषण संबंधी संकेतकों की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने पोषण ट्रैकर एप के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर देते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सुपरवाइजरों को नियमित प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय एवं मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
उन्होंने कहा कि जिले में कई संकेतकों पर संतोषजनक प्रगति दर्ज की गई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में अपेक्षित सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के निर्धारित पैरामीटर्स के अनुरूप कार्य करते हुए लक्ष्य आधारित प्रगति सुनिश्चित करें, ताकि ब्लॉकों की रैंकिंग एवं विकास स्तर में प्रभावी सुधार हो सके।
बैठक में उपखंड अधिकारी नीमराणा महेंद्र सिंह यादव, उपखंड अधिकारी बानसूर अनुराग हरित, मुख्य आयोजना अधिकारी मेघा भट्ट, सांख्यिकी अधिकारी बाबूलाल बैरवा, जिला शिक्षा अधिकारी प्रकाशचंद मीणा, उपनिदेशक जब्बार खान सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
—00000—
