कोटपूतली-बहरोड़, 6 मई। जिला नोडल अधिकारी ‘ज्ञान भारतम मिशन’ एवं एसडीएम कोटपूतली जगदीश कुमार की अध्यक्षता में शैक्षणिक संस्थाओं, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, मंदिरों, मठों, संग्रहालयों, पुस्तकालयों एवं निजी संग्रहकर्ताओं के पास उपलब्ध भारत की विभिन्न विषयों की पांडुलिपि विरासत के देशव्यापी पाण्डुलिपि सर्वेक्षण के कार्य के सफल आयोजन एवं क्रियान्वयन हेतु समिति सदस्य एवं उपखण्डवार नियुक्त किए गए सर्वेयर के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।
जिला नोडल अधिकारी ने कहा कि ज्ञान भारतम मिशन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की एक प्रमुख राष्ट्रीय पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर के मंदिरों, मठों और निजी संग्रहों में मौजूद प्राचीन पांडुलिपियों (Manuscripts) का सर्वेक्षण, संरक्षण और डिजिटलीकरण करना है जिससे की भारत के प्राचीन ज्ञान—इतिहास, विज्ञान, आयुर्वेद, और संस्कृति को भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने संबंधितों को निर्देशित किया कि अपने अपने क्षेत्र में सर्वे कार्य को प्राथमिकता देते हुए मंदिर, पुरातत्व भवन, फोर्ट, बावड़ी, संग्रहालय, पुस्तकालय एवं डोर टू डोर सर्वे कर पांडुलिपि सर्वेक्षण का कार्य करें।
आमजन से अपील

नोडल अधिकारी ने इस कार्य हेतु जिले के आमजनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सरकार द्वारा इसके लिए ‘ज्ञान भारतम् ऐप’ विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से आम लोग अपने पास मौजूद या अन्य संस्थानों में मौजूद प्राचीन ग्रंथों की जानकारी सरकार तक पहुँचाने के लिए उपखण्ड कार्यालय कोटपूतली में या मोबाइल नंबर (9414490297, 9461606929, 9582702781) पर संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में सह नोडल एवं तहसीलदार कलेक्ट्रेट नरेंद्र भाटिया, सहायक जनसंपर्क अधिकारी राहुल आसीवाल, पर्यवेक्षक राजकीय कला दीर्घा विराटनगर सुमन, प्राचार्य राजकीय एलबीएस महाविद्यालय कोटपूतली आरके सिंह, अध्यक्ष राजकीय पुस्तकालय कोटपुतली दीपिका यादव सहित उपखण्डवार नियुक्त किए गए सर्वेयर मौजूद रहे।
