ज्ञान संस्कार मंच की पहली जिला स्तरीय परीक्षा संपन्न, हजारों विद्यार्थियों ने परखी अपनी प्रतिभा

National

20 प्रश्नों के माध्यम से ज्ञान, मानसिक क्षमता और नैतिक मूल्यों का हुआ मूल्यांकन, स्कूलों में उत्साह का माहौल

अंबाला। शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ज्ञान संस्कार मंच के तहत बुधवार को अंबाला जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में पहली जिला स्तरीय मूल्यांकन परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई। कक्षा 6 से 12वीं तक के हजारों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक परीक्षा में भाग लिया और अपनी ज्ञान क्षमता, तार्किक सोच तथा मानसिक योग्यता का प्रदर्शन किया।

यह परीक्षा विद्यालयों में पहले पीरियड के दौरान 30 मिनट में आयोजित की गई। विद्यार्थियों को 20 बहुविकल्पीय प्रश्नों का उत्तर देना था। परीक्षा का उद्देश्य केवल अंक प्राप्त करना नहीं बल्कि विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, भाषा कौशल, रीजनिंग और नैतिक मूल्यों का विकास करना रहा।

अध्ययन सामग्री से पूछे गए प्रश्न

परीक्षा में 1 अप्रैल से 30 जुलाई तक साझा की गई अध्ययन सामग्री के आधार पर प्रश्न शामिल किए गए। प्रश्नपत्र में 4 प्रश्न शब्दार्थ, 12 प्रश्न सामान्य ज्ञान तथा 4 प्रश्न मेंटल एबिलिटी से संबंधित थे। विद्यालयों में प्रश्नपत्र प्रिंटेड कॉपी के माध्यम से परीक्षा कराई गई।

मेरिट सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू

अंग्रेजी अध्यापिका सुमन कौर ने बताया कि शिक्षा विभाग के अनुसार अब उत्तर कुंजी जारी करने के बाद परिणाम तैयार किए जाएंगे। विद्यालय, क्लस्टर और ब्लॉक स्तर पर कक्षा 6–8 तथा 9–12 के दो वर्गों में टॉप-3 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विभाग द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगा बल

शिक्षा विभाग का मानना है कि इस प्रकार के नियमित मूल्यांकन विद्यार्थियों में तार्किक सोच, सामान्य ज्ञान और आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ साथ भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मजबूत आधार तैयार करेंगे। विद्यालयों में परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई तथा विद्यार्थियों ने इसे एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *