ग्राम चौबारा में शिव मंदिर वार्षिकोत्सव पर भक्ति, सेवा और मानवता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

National

चौबारा (संदीप कुमार )भोलेनाथ सेवा समिति, चौबारा के तत्वावधान में जोहड़ वाले शिव मंदिर परिसर में विशाल भंडारे एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, ग्रामवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों से आए भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भंडारे के आयोजन के साथ-साथ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी लगाया गया, जिसमें इंदु देवी हॉस्पिटल, नीमराना से आई डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम पूरे समय मौजूद रही। टीम ने रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया। बड़ी संख्या में युवाओं एवं समाजसेवियों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया और यह साबित किया कि “रक्तदान महादान” वास्तव में जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है।


इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं महाप्रसाद का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर प्रसादी ग्रहण की और पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे। समस्त ग्रामवासियों ने मिलकर आयोजन की सभी व्यवस्थाओं में अपना अमूल्य सहयोग दिया, जिससे कार्यक्रम सफल एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।


भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते आयोजन स्थल पर मेले जैसा वातावरण देखने को मिला। आसपास के अनेक दुकानदारों ने मंदिर परिसर के बाहर अपनी-अपनी दुकानें लगाईं, जिससे पूरा क्षेत्र धार्मिक मेले का स्वरूप लेता नजर आया। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की भारी उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए समस्त ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। वाहन पार्किंग, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, प्रसाद वितरण तथा भीड़ प्रबंधन के लिए स्वयंसेवकों की विशेष ड्यूटी लगाई गई, जिससे पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और व्यवस्था बनी रही।
कार्यक्रम के अंत में भोलेनाथ सेवा समिति, चौबारा ने सभी रक्तदाताओं, इंदु देवी हॉस्पिटल की चिकित्सक टीम, सहयोगकर्ताओं, ग्रामवासियों एवं दूर-दराज से पधारे श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज सेवा, मानव सेवा और धर्म सेवा का यह सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *