खैरथल-तिजारा। खैरथल थाना पुलिस ने भूत-प्रेत और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को डराकर करीब 32 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी नूरदीन मौलवी (आंधाकी, पुन्हाना, नूंह, हरियाणा) तथा तांत्रिक राजेन्द्र प्रसाद शर्मा (खैरथल) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक परिवार को घर में जिन्न भूत का साया बताकर डराया और इलाज के नाम पर हरियाणा ले जाकर अलग-अलग किस्तों में 25 हजार, 12 लाख, 11.50 लाख, 5.50 लाख रुपये सहित कुल करीब 32 लाख रुपये वसूल लिए। इसके अलावा बकरे की बलि, पूजा-पाठ और हवन सामग्री के नाम पर भी धन ऐंठा गया। पीड़ित की शिकायत पर 22 मई 2026 को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयासिंह व डीएसपी लालसिंह यादव के नेतृत्व में गठित टीमों ने कार्रवाई करते हुए 22 जून को दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहे थे। पूछताछ में दोनों ने ठगी करना स्वीकार किया है। मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर किसी के बहकावे में न आएं और ऐसी गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
