विश्व पर्यावरण दिवस पर ब्रह्माकुमारीज द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं वैचारिक शुद्धता पर कार्यक्रम आयोजित
कोटपूतली।प्रजापिताब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, के स्थानीय सेवा केंद्र द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद पार्क, कोटपूतली में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र, कोटपूतली की प्रभारी बीके लक्ष्मी बहन ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रकृति मनुष्य जीवन का आधार है। हम मनुष्य आत्माएं जाने-अनजाने में अनेक बार प्रकृति को नुकसान पहुंचाते हैं, जबकि प्रकृति स्वयं अपना संतुलन बनाए रखने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि हमें सदैव प्रकृति का सहयोग एवं संरक्षण करना चाहिए, क्योंकि मनुष्य का शरीर प्रकृति के पांच तत्वों—पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश—से निर्मित है। प्रकृति के बिना मानव अस्तित्व की कल्पना भी संभव नहीं है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित भाई-बहनों और आमजन द्वारा सामूहिक राजयोग मेडिटेशन किया गया। इसके माध्यम से प्रकृति के पांचों तत्वों को सकारात्मक ऊर्जा (सकास) प्रदान की गई। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्था से जुड़े अनेक श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।ECHS पॉलीक्लिनिक, रामनगर में सेमिनार: “वैचारिक शुद्धता, तनाव के कारण एवं समाधान”
इससे पूर्व प्रातः 10 बजे ECHS पॉलीक्लिनिक, रामनगर (बानसूर)में एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार की मुख्य वक्ता बीके लक्ष्मी बहन रहीं।वैचारिक शुद्धता का महत्व: बीके लक्ष्मी बहन ने कहा कि जब मनुष्य के विचार शुद्ध एवं पवित्र होंगे, तभी उसका जीवन शक्तिशाली और सुखमय बन सकेगा। आज का मनुष्य जिन मानसिक एवं शारीरिक समस्याओं से जूझ रहा है, उनका प्रमुख कारण वैचारिक अशुद्धता, नकारात्मक सोच और आंतरिक द्वंद्व है।उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ता तनाव व्यक्ति के स्वास्थ्य, कार्यक्षमता और पारिवारिक जीवन को प्रभावित कर रहा है।

तनाव का मुख्य कारण परिस्थितियों, लोगों और स्वयं के प्रति नकारात्मक दृष्टिकोण है। यदि व्यक्ति सकारात्मक चिंतन, आत्मचिंतन और राजयोग मेडिटेशन को जीवन में अपनाए, तो वह तनावमुक्त एवं संतुलित जीवन जी सकता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के लिए भी रोगी का उपचार करने से पूर्व सकारात्मक एवं श्रेष्ठ विचारों का होना आवश्यक है। अच्छे विचारों की श्रृंखला डॉक्टरों को बेहतर उपचार एवं सेवा प्रदान करने में सहायक बनती है।कार्यक्रम में पॉलीक्लिनिक प्रभारी डॉ.के.एस. महला ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समाज में सकारात्मक एवं व्यापक परिवर्तन लाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। वैचारिक परिवर्तन अपने आप में एक बड़ा सामाजिक बदलाव है।
सेमिनार के समापन पर सभी उपस्थित जनों को 10 मिनट का राजयोग मेडिटेशन कराया गया, जिससे सभी ने मानसिक शांति, तनाव से मुक्ति तथा सकारात्मक ऊर्जा का अद्भुत अनुभव किया।
