आरटीडब्ल्यूएचएस की सफाई, मरम्मत एवं वृक्षारोपण हेतु गड्ढे खुदवाने के कार्य किए गए
कोटपूतली-बहरोड़, 28 मई। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत गुरुवार को सार्वजनिक निर्माण विभाग, कोटपूतली-बहरोड़ द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत राजकीय भवनों में स्थापित आरटीडब्ल्यूएचएस (रूफ टॉप वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम) की साफ-सफाई एवं मरम्मत कार्य करवाए गए, साथ ही हरियालो राजस्थान अभियान के तहत प्रस्तावित वृक्षारोपण के लिए गड्ढे खुदवाने का कार्य भी किया गया।

कोटपूतली क्षेत्र में कोर्ट कैम्पस, डाक बंगला तथा विभाग के खंड एवं वृत्त कार्यालय परिसर में भवनों की छतों की सफाई कर वर्षा जल संचयन व्यवस्था को सुचारू बनाए जाने के प्रयास किए गए।
बानसूर क्षेत्र में खेड़ा-श्यामपुरा-रसनाली रोड तथा माता मंदिर से मालियों की ढाणी सड़क मार्ग पर वृक्षारोपण हेतु गड्ढे खुदवाने का कार्य किया गया, ताकि आगामी समय में अधिकाधिक पौधारोपण कर हरित वातावरण को बढ़ावा दिया जा सके।

बहरोड़ में सार्वजनिक निर्माण विभाग के खंड एवं उपखंड कार्यालय तथा कोर्ट कैम्पस में छतों एवं आरटीडब्ल्यूएचएस की साफ-सफाई की गई। इसके अलावा पहाड़ी मोहम्मदपुर सड़क मार्ग पर वृक्षारोपण के लिए गड्ढे तैयार करवाए गए।
नीमराना क्षेत्र में उपखंड अधिकारी कार्यालय, तहसील कार्यालय तथा सीएचसी भवन में छतों की सफाई करवाई गई। वहीं कन्या महाविद्यालय नीमराना परिसर में वृक्षारोपण हेतु गड्ढे खुदवाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

अधीक्षण अभियंता पी डब्ल्यू डी रामवतार कुमावत ने बताया कि विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संदेश आमजन तक पहुंचाया। अभियान के माध्यम से वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।
