नारनौल।जहां एक ओर भीषण गर्मी में इंसान पानी के लिए परेशान है वहीं बेजुबान पशुओं की प्यास का दर्द समझते हुए कुछ युवा उनकी सेवा में जुटे हुए है। युवा साथी ग्रुप हरियाणा एवं उड़ान जनसेवा ट्रस्ट ढाणी बाठोठा के सदस्य रविंद्र शर्मा ने अपनी टीम के साथ मिलकर जोहड़ी पर बनी एक उपेक्षित खेले की साफ-सफाई कर उसे फिर से पशुओं के लिए उपयोगी बना दिया।
लंबे समय से गंदगी, मिट्टी और कचरे से भरी इस खेले का पानी दूषित हो चुका था। ऐसे में टीम ने श्रमदान कर खेली को साफ किया और उसमें स्वच्छ पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की। अब यहां आने वाले गाय, बैल, भेड़, बकरी, नीलगाय और अन्य पशु आसानी से स्वच्छ पानी पी सकेंगे।

संस्था की ओर से क्षेत्र में खराब और बंजर पड़ी खेलियों को पुनर्जीवित करने की मुहिम लगातार चलाई जा रही है। टीम का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं बल्कि लोगों को पशु सेवा और जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है।
रविंद्र शर्मा ने कहा बेजुबान पशु अपनी जरूरत किसी से कह नहीं सकते। इसलिए उनकी देखभाल करना हम सबकी जिम्मेदारी है। हमारी टीम लगातार खेलियों की साफ-सफाई और जल संरक्षण के कार्य कर रही है। यदि समाज का हर व्यक्ति अपने आसपास ऐसी छोटी-छोटी जिम्मेदारियां निभाए तो पशुओं को काफी राहत मिल सकती है।
