जिला कलक्टर के निर्देश पर राजस्व ग्राम चतुर्भुज में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
कोटपूतली-बहरोड़, 27 मई। जिला कलक्टर के निर्देशानुसार नगर परिषद कोटपूतली द्वारा बुधवार को राजस्व ग्राम चतुर्भुज में राजकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण एवं कब्जों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लगभग 19 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

कार्रवाई के दौरान भू-माफियाओं द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाकर राजकीय भूमि को मुक्त करवाया गया तथा भूमि की सुरक्षा एवं पुनः अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से तारबंदी के लिए गड्ढे भी खुदवाए गए।

नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा ने बताया कि राजकीय भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान राजस्व अधिकारी कृष्ण कुमार यादव, कनिष्ठ अभियंता कृष्ण गुर्जर, कनिष्ठ अभियंता भादर सिंह यादव, सफाई निरीक्षक सहित नगर परिषद के अन्य कार्मिक मौके पर उपस्थित रहे।
