जल संरक्षण कार्यों के अवलोकन हेतु पत्रकारों को कराया गया फील्ड भ्रमण, गौशाला में स्वच्छता अभियान एवं गौ पूजन कार्यक्रम आयोजित
कोटपूतली-बहरोड़, 27 मई। राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” के अंतर्गत बुधवार को जिलेभर में विभिन्न विभागों द्वारा जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जनजागरूकता से संबंधित विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से आमजन को जल संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

इसी क्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जिले के पत्रकारों को वंदे गंगा अभियान के तहत किए जा रहे जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यों का फील्ड भ्रमण करवाया गया। भ्रमण के दौरान पत्रकारों ने पावटा क्षेत्र स्थित बुचारा बांध क्षेत्र में निर्मित एनिकट का अवलोकन किया तथा जल संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

इसके अतिरिक्त आंतेला क्षेत्र में वाटरशेड विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे वन क्षेत्र का निरीक्षण कराया गया, जहां मृदा एवं जल संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन की दिशा में किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया गया। वहीं विराटनगर क्षेत्र में पौधशाला एवं वन विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे वन क्षेत्र का भी भ्रमण करवाया गया।

अभियान के अंतर्गत नारायणपुर स्थित धमेडा धाम गौशाला में गौशाला निरीक्षण, गौ पूजन एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान गौशाला परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया तथा गौ संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि वंदे गंगा अभियान के तहत जिले में जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पौधारोपण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निरंतर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करना है।
