नेहरू बाजार में गंदे पानी की समस्या से व्यापारी एवं आमजन परेशान
कोटपूतली। शहर के मुख्य बाजार नेहरू बाजार में नालियों का गंदा एवं बदबूदार पानी सड़कों पर भरने से व्यापारियों, ग्राहकों एवं स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि नेहरू बाजार में जगह-जगह नालियां ओवरफ्लो हो रही हैं, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। गंदे पानी एवं बदबू के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। आज व्यापारियों की समस्या को लेकर कोटपूतली-बहरोड जिले की जिला कलेक्टर महोदया अर्पणा गुप्ता को ज्ञापन सौंपा गया।

वहीं व्यापारियों का कहना है कि यह समस्या मास्टर प्लान के तहत बाजार में हुई तोड़फोड़ के बाद से लगातार बनी हुई है। दुकानों को तोड़े जाने के दौरान कई स्थानों पर नालियां क्षतिग्रस्त हो गई थीं, लेकिन आज तक उनकी उचित मरम्मत एवं व्यवस्थित निर्माण नहीं हो पाया है। साथ ही नियमित सफाई नहीं होने के कारण नालियों में गंदा पानी जमा रहता है, जो सड़क पर फैल जाता है।

व्यापारी वर्ग एवं स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नेहरू बाजार की नालियों की तत्काल सफाई करवाई जाए तथा टूटी हुई नालियों की शीघ्र मरम्मत करवाई जाए, ताकि बाजार क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे और लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता प्रफुल रमन (मोदी), अमित शर्मा गोट वाले, राजाराम गुर्जर, दिनेश अग्रवाल, हजारीलाल सैनी, दिनेश यादव, सुमित लखेरा, कैलाश, रोहित कुमार, सुभाष चंद्र, विजेंद्र, विकास एवं अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
जिला उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार बंसल एवं नेहरू बाजार के व्यापारियों ने जिला कलेक्टर महोदया अपर्णा गुप्ता से जल्द समाधान करवाने की मांग करते हुए कहा कि व्यापारियों एवं आमजन की परेशानियों को गंभीरता से लिया जाए।
