कोटपूतली – निकटवर्ती ग्राम पंचायत पवाना अहीर के सेठ मूलचंद प्रभुदयाल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 12 के विद्यार्थियों द्वारा 15 दिवसीय समाज सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। प्रवक्ता डॉ रामकरण यादव ने बताया कि शिविर प्रभारी व्याख्याता सुमन चौहान के नेतृत्व में विद्यालय कैम्पस में विद्यार्थियों द्वारा पेड़ पोधो व पक्षियों के परिंडो में पानी डालकर दाना पानी की व्यवस्था की गई।

प्रभारी व्याख्याता सुमन चौहान व शारीरिक शिक्षक शिवपाल यादव ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक ही सीमित नहीं रहनी चाहिए बल्कि समाज व पर्यावरण के प्रति भी जिम्मेदारी निभाने की भावना बालक बालिकाओं में विकसित होनी चाहिए।

बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए पर्यावरण व सामाजिक दायित्व को समझने का प्रयास किया। प्राचार्य भागीरथ सिंह मीणा व विद्यालय प्रशासन का मानना है कि ऐसे शिविरों से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सामाजिक चेतना और जिम्मेदार नागरिक की भावना का विकास होता है जिससे वे एक सभ्य सुसंस्कृत और अनुशासित नागरिक के रूप में अपनी पहचान बना सकें।
