शाहजहांपुर क्षेत्र के गांव सकतपुरा में 30 अप्रैल को धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उत्साह का भव्य संगम देखने को मिला। यहां बाबा नृसिंह जी भगवान का द्वितीय विशाल भंडारा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया।
प्रातः 10 बजे शुरू हुए विशाल भंडारे में क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ लिया और पूरे आयोजन के दौरान भक्ति का माहौल बना रहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में पंकज यादव एवं उनकी पार्टी सहित अन्य कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिससे उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध हो गया। भजन-कीर्तन और लोक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। जिला पार्षद जयप्रकाश झाबर ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक एकता और धार्मिक भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के संयोजक सतवीर एवं समस्त ग्रामवासियों ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। ग्रामीणों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासी सकतपुरा ने अधिक से अधिक लोगों से ऐसे धार्मिक आयोजनों में भाग लेकर धर्म लाभ लेने की अपील की।
