मांढण तहसील में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्राचीन हनुमान मंदिर के स्थान पर एक भव्य एवं आधुनिक मंदिर का निर्माण किया जाएगा।

National

करीब 80 वर्ष पुराना यह मंदिर जर्जर अवस्था में पहुंच चुका था और सुरक्षा की दृष्टि से भी असुरक्षित हो गया था। ऐसे में ग्रामीणों और हनुमान मेला कमेटी ने सर्वसम्मति से पुराने मंदिर को हटाकर नए भव्य मंदिर निर्माण का निर्णय लिया है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।

मांढण स्थित इस धार्मिक स्थल पर हर वर्ष जलझूलनी एकादशी के अवसर पर भव्य लखी मेले का आयोजन होता है, जिसमें दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित देशभर से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ खेल गतिविधियों के लिए भी प्रसिद्ध है। मेले में महिला वॉलीबॉल, पुरुष वॉलीबॉल, कुश्ती और कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं, जिनमें नेशनल और इंटरनेशनल स्तर के खिलाड़ी भी भाग लेते हैं।

हनुमान मेला कमेटी के अध्यक्ष राकेश सैनी ने जानकारी दी कि नए मंदिर का शिलान्यास 1 मई 2026 को सुबह 9:00 बजे विधि-विधान के साथ किया जाएगा। शिलान्यास समारोह के मुख्य अतिथि श्री ओम प्रकाश यादव (राज टूर ट्रेवल्स, गुरुग्राम, नागल अटेली) होंगे। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे तथा प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं को देसी घी का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मंदिर में हनुमान जी के साथ प्रभु श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण और भगवान शिव की दिव्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। कार्यक्रम में नगर पालिका मांढण के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे।

ग्रामीणों और कमेटी सदस्यों में इस भव्य मंदिर निर्माण को लेकर उत्साह का माहौल है। सभी ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचकर इस ऐतिहासिक पहल के साक्षी बनें और धर्म लाभ अर्जित करें।