कोटपुतली न्यायालय में सेवानिवृत्ति समारोह, एसीजेएम ने निभाई अनोखी भूमिका

Kotputli-Behror Rajasthan

कोटपुतली। न्यायालय परिसर में कार्यरत होम गार्ड के 33 वर्षों की लंबी एवं समर्पित सेवा पूर्ण होने पर गुरुवार को गरिमामय सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एसीजेएम डॉ. अजय कुमार बिश्नोई सहित न्यायालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने सेवानिवृत्त कर्मचारी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी सेवा के दौरान ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी सरलता और सहयोगी स्वभाव के कारण वे सभी के प्रिय बने रहे।

एसीजेएम डॉ. अजय कुमार बिश्नोई ने अपने संबोधन में उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए स्वस्थ एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक नया अध्याय है, जिसे सकारात्मक सोच और उत्साह के साथ आगे बढ़ाना चाहिए।

कार्यक्रम उस समय और भी रोचक हो गया, जब एसीजेएम स्वयं ड्राइवर बनकर सेवानिवृत्त कर्मचारी को कार्यालय से उनके घर तक छोड़ने गए। उनके इस सरल और आत्मीय व्यवहार की सभी ने सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में सेवानिवृत्त कर्मचारी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा सभी उपस्थित लोगों ने उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।