मंडी कोटपूतली के खरीद केंद्र का औचक निरीक्षण, गड़बड़ियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

National

तौल में अनियमितता पाए जाने पर कांटे दुरुस्त कराने व जिम्मेदारों के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश

कोटपूतली-बहरोड़, 28 अप्रैल। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण ने मंगलवार को कृषि उपज मंडी समिति कोटपूतली स्थित भारतीय खाद्य निगम के गेहूं खरीद केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान किसानों द्वारा तौल में गड़बड़ी एवं खाली कट्टे के वजन में निर्धारित मानक से अधिक कटौती की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच करवाई गई।

निरीक्षण में पाया गया कि खरीद केंद्र पर उपयोग में लिए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक कांटों में अनियमितता थी। निर्धारित मानकों के अनुसार जांच में प्रति 50 किलो पर लगभग 350 ग्राम अधिक तौल की गड़बड़ी सामने आई। इसके अतिरिक्त खाली कट्टे के निर्धारित 135 ग्राम के स्थान पर 500 से 700 ग्राम तक की कटौती की जा रही थी, जिससे किसानों को प्रति कट्टा 700 से 800 ग्राम तक का नुकसान हो रहा था।

मापतोल विभाग की टीम से करवाई गई जांच

अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मापतोल विभाग की तकनीकी टीम को मौके पर बुलाकर खरीद केंद्र के तीनों कांटों की जांच करवाई। जांच में सभी कांटे लंबे समय से अप्रमाणित पाए गए तथा तौल में अनियमितता की पुष्टि हुई। साथ ही ऑयल जाँच मशीन का भी अवलोकन किया।

जिम्मेदारों को फटकार, कार्रवाई के दिए निर्देश

इस पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने खरीद केंद्र प्रभारी को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल कांटों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही भारतीय खाद्य निगम के संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने हेतु सचिव कृषि उपज मंडी समिति एवं विधिक मापतोल अधिकारी को निर्देशित किया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा खरीद केंद्रों पर पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी खरीद केंद्रों पर नियमित निरीक्षण कर ऐसी अनियमितताओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए। इस दौरान मंडी सचिव रामफूल गुर्जर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *