बालिकाओं को निःशुल्क लगेगा सर्वाइकल कैंसर (एचपीवी) का टीका

National

-14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाएं होंगी पात्र

-जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता ने की अपील, समय पर टीकाकरण से गंभीर बीमारी से मिलेगा संरक्षण

कोटपूतली-बहरोड़, 28 अप्रैल। महिलाओं में तेजी से बढ़ रहे सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए भारत सरकार द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान संचालित किया जा है। इस अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को एक डोज में निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है, जिससे भविष्य में इस गंभीर बीमारी से प्रभावी सुरक्षा मिल सकेगी।

जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने बताया कि यह टीका सामान्यतः बाजार में महंगा होता है, लेकिन सरकारी अभियान के तहत पात्र बालिकाओं को यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। टीकाकरण का कार्य सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी एवं पीएचसी), स्कूलों एवं विशेष शिविरों के माध्यम से किया किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ ले सकें।

जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बालिकाओं का समय पर टीकाकरण अवश्य करवाएं। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर एक गंभीर लेकिन रोके जाने योग्य बीमारी है और समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इससे बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे इस अभियान के प्रति जागरूक रहें और अपने आसपास भी अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करें।

स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि गंभीर बीमारी से ग्रस्त, गर्भवती या पूर्व में टीके से एलर्जी की स्थिति वाली बालिकाएं इस टीकाकरण के लिए पात्र नहीं होंगी। शेष पात्र बालिकाओं के लिए यह अभियान सुरक्षित एवं प्रभावी है।

उल्लेखनीय है कि विशेषज्ञों के अनुसार सर्वाइकल कैंसर के 70 प्रतिशत से अधिक मामलों की रोकथाम इस टीके के माध्यम से संभव है, बशर्ते इसे संक्रमण से पहले लगाया जाए। इसी उद्देश्य से यह अभियान किशोरावस्था में संचालित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *