जयपुर। जगतपुरा शूटिंग रेंज पर आयोजित हो रही 24वीं राजस्थान स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में जयपुर के होनहार शूटर पार्थ महर्षि ने अपनी बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कुल 4 मेडल (3 स्वर्ण और 1 कांस्य) अपने नाम किए हैं। पार्थ ने प्रतियोगिता की अलग-अलग स्पर्धाओं में शानदार निशाना लगाते हुए पोडियम पर अपनी जगह बनाई।
चैंपियनशिप के दौरान पार्थ महर्षि ने 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल, 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल और 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (Gold Medals) पर कब्जा जमाया। इसके साथ ही उन्होंने 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल स्पर्धा में भी कड़े मुकाबले के बीच कांस्य पदक (Bronze Medal) हासिल किया।

पार्थ की इस बड़ी कामयाबी के पीछे ‘द चैंपियन शूटिंग क्लब’ और उनके कोच चैतन्य चौधरी की कड़ी मेहनत और सटीक ट्रेनिंग रही है। क्लब में की गई नियमित प्रैक्टिस और कोच चैतन्य चौधरी के बेहतरीन मार्गदर्शन की बदौलत ही पार्थ ने राज्य स्तर पर क्लब और जयपुर शहर का नाम रोशन किया है।
मैडल सेरेमनी के दौरान मुख्य अतिथियों द्वारा पार्थ को मेडल्स से सम्मानित किया गया, जिसके बाद खेल प्रेमियों और क्लब के सदस्यों में खुशी की लहर है। इस गौरवपूर्ण अवसर पर कोच चैतन्य चौधरी ने पार्थ को बधाई देते हुए कहा, “एक ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में तीन गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल जीतना पार्थ की कड़ी मेहनत, कड़े अनुशासन और चैंपियन शूटिंग क्लब में किए गए कड़े अभ्यास का परिणाम है। हमें पूरा विश्वास है कि पार्थ आगे चलकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी देश का मान बढ़ाएगा।”
