बाल श्रम निषेध दिवस से एक दिन पूर्व कोटपूतली-बहरोड़ जिले के घिलोठ क्षेत्र में शाहजहांपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 38 बालक-बालिकाओं को बाल श्रम से मुक्त कराया। विशेष अभियान के तहत तीन औद्योगिक इकाइयों में निरीक्षण किया गया, जहां विभिन्न कार्यों में संलग्न पाए गए बच्चों को मुक्त कराकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक सतबीर सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान को बाल अधिकारों की सुरक्षा और मानव तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्रवाई के बाद सभी बच्चों को संबंधित विभागों के सुपुर्द किया गया, ताकि उनके पुनर्वास, शिक्षा और संरक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

अभियान में आरपीएस प्रशिक्षु पल्लवी गुप्ता, शाहजहांपुर थाना प्रभारी प्रकिता सिंह के नेतृत्व मे प्रभावी कार्यवाही की गई तथा कार्यवाही के दौरान मानव तस्करी निरोधक इकाई की प्रभारी रजनी तथा गैर-सरकारी संगठन जीआरएस अलायन्स के रणनीतिक साझेदार एबी एवं स्पेक्ट्रा की टीम भी मौके पर मौजूद रही
अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के समन्वित प्रयासों से यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि बाल श्रम और मानव तस्करी जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल श्रम या बाल तस्करी से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि बच्चों के अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
