नांगल चौधरी।आज के आधुनिक दौर में जहां युवा पीढ़ी अपने जन्मदिन और अन्य उत्सवों पर पाश्चात्य संस्कृति को अपनाकर भारी फिजूलखर्ची करती है वहीं नांगल चौधरी क्षेत्र के युवाओं ने समाज के सामने एक अनूठी और प्रेरक मिसाल पेश की है।
क्षेत्र के युवा साथी ग्रुप हरियाणा और उड़ान जनसेवा ट्रस्ट ढाणी बाठोठा टीम के सदस्य केशव ने अपना जन्मदिन आधुनिक चकाचौंध से दूर रहकर बेसहारा गोवंश की सेवा कर मनाया। केशव ने टीम के सदस्यों के साथ मिलकर नांगल चौधरी स्थित बाबा मुकंददास गौशाला में जाकर गायों को गुड़ खिलाया और हरे चारे की व्यवस्था की।
उत्सवों पर गोसेवा करना सच्ची खुशी
इस मौके पर टीम के वरिष्ठ सदस्य पवन गुर्जर ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जन्मदिन, विवाह की वर्षगांठ या अन्य किसी भी मांगलिक उत्सव पर होटलों या पार्टियों में फिजूलखर्ची करने की बजाय यदि हम गौशालाओं में आकर गोवंश की सेवा करें तो इससे न केवल आत्मिक शांति मिलती है बल्कि समाज को भी एक सकारात्मक संदेश जाता है। उन्होंने अन्य युवाओं से भी इस मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया।
इस सेवा कार्य के दौरान जन्मदिन मनाने वाले केशव के साथ टीम के प्रमुख सदस्य मनोज ठाकुर, आशीष, अशोक, योगेश सैनी और मंजीत ठाकुर मुख्य रूप से मौजूद रहे। गौशाला प्रबंधन और स्थानीय ग्रामीणों ने युवाओं के इस सेवा भाव की जमकर सराहना की है।
