कोटपूतली, 01 जून। स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार भारत सरकार एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत नगर परिषद कोटपूतली द्वारा विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 01 जून 2026 से 30 जून 2026 तक नगर परिषद कार्यालय में आयोजित होगा। कार्यालय अवकाश को छोड़कर शिविर प्रतिदिन संचालित किया जाएगा।
नगर परिषद के प्रभारी (एनयूएलएम) अभिषेक सैनी ने बताया कि योजना के तहत छोटे व्यवसाय करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स एवं रेहड़ी-पटरी संचालकों को विभिन्न बैंकों के माध्यम से 15 हजार, 25 हजार एवं 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पात्र लाभार्थियों को ब्याज में छूट की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के पात्र वेंडर्स इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इच्छुक लाभार्थियों को शिविर में आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर के साथ उपस्थित होना होगा।
नगर परिषद प्रशासन ने अधिक से अधिक पात्र वेंडर्स से शिविर का लाभ उठाकर स्वरोजगार को सशक्त बनाने तथा अपनी आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की अपील की है। शिविर प्रतिदिन प्रातः 10:15 बजे से सायं 5:00 बजे तक संचालित रहेगा, जहां पात्र आवेदक मौके पर ही आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
—००००—
