नशे के खिलाफ जिला प्रशासन सख्त, अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर होगी कड़ी कार्रवाई

National

झोलाछाप चिकित्सकों, नशीली दवाओं और अवैध शराब कारोबार पर विशेष निगरानी के निर्देश

कोटपूतली-बहरोड़, 22 मई। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण एवं युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से जिला स्तरीय नार्को कोर्डिनेशन सेंटर (एन-कोर्ड) समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, नशीली दवाओं के दुरुपयोग, अवैध शराब कारोबार, जागरूकता अभियान एवं मॉनिटरिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता ने ड्रग इंस्पेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में अनाधिकृत चिकित्सकों एवं अवैध रूप से संचालित औषधि विक्रेताओं (झोलाछाप) के विरुद्ध नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण कर प्रतिबंधित घटक युक्त दवाओं की बिक्री पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही अनियमितता पाए जाने पर संबंधित मेडिकल स्टोर्स के लाइसेंस निरस्त कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

जिला कलक्टर ने आबकारी विभाग को सरकार के निर्देशों की अवहेलना कर अवैध शराब बिक्री करने वालों तथा हथकड़ शराब कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने फील्ड में नियमित मॉनिटरिंग बढ़ाने एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने पर जोर दिया।

उन्होंने जिले में संचालित नशा मुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने, आमजन की सहभागिता बढ़ाने तथा युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा पुलिस विभाग को समन्वय के साथ कार्य करते हुए शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।

उन्होंने नियम विरुद्ध संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने पर जोर देते हुए हथकड़ शराब बनाने वालों, हुक्का बार संचालकों तथा ई-सिगरेट, वीड, ड्रग्स, गांजा एवं नशीली टेबलेट्स के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण के लिए अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशीली दवाओं के अवैध व्यापार में संलिप्त मेडिकल स्टोर्स, दुकानदारों एवं अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष सिंह शेखावत, ड्रग इंस्पेक्टर जयपुर जोन सहित शिक्षा, पुलिस, चिकित्सा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

—000—

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *