आवास योजना का सर्वे न होने से नाराज नगर के लोगो ने निकाला विशाल जुलूस सौपा मुख्यमंत्री के नाम नायव तहसीलदार को ज्ञापन

National

देवरीकलाँ –मनोज मेहरा । देवरी नगरीय क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का सर्वे कार्य लंबे समय बाद भी आरंभ न होने से नाराज आवेदकों ने मुख्य मार्ग से होकर जुलूस निकाला एवं मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम देवरी को ज्ञापन सौपा। प्रदर्शन में सैकड़ों नागरिक शामिल हुए जिसमें अधिकांश महिला आवेदक शामिल थी।

देवरी नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डाे में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का सर्वे कार्य आरंभ न होने के कारण नागरिकों में भारी नाराजगी व्याप्त है। आवेदकों द्वारा विगत 1 वर्ष पूर्व ऑनलाइन फार्म जमा कराये जाने के बाद भी उन्हे योजना का लाभ नही मिल सका है। निकाय में लगभग 1500 आवेदकों द्वारा योजना अंतर्गत आवेदन किया गया है परंतु सर्वे कार्य के आभाव के चलते योजना की प्रगति ठप बनी हुई है। मामले को लेकर नगरपालिका अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन की अगुवाई में सैकड़ों आवेदकों ने नगरपालिका चौराहे से होकर कचहरी परिसर तक जुलूस निकालकर नारेबाजी की एवं मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम देवरी को ज्ञापन सौपा।
ज्ञापन में कहा गया कि देश के प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी प्रधानमंत्री आवास योजना के दूसरे चरण में नगर के 1500 से अधिक आवाहीन आवेदकों द्वारा ऑनलाइन आवेदन जमा कराये गये थे, परंतु राजनैतिक गुटबाजी के चलते जानबूझकर योजना में अवरोध उत्पन्न किया जा रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश की अन्य नगरपालिकाओं में योजना के दूसरे चरण के हितग्राहियों को प्रथम किस्त का भुगतान उनके खातों में किया जा चुका है, परंतु देवरी नगरीय क्षेत्र में योजना के क्रियान्वयन को लेकर जिम्मेदार लापरवाह बने हुए है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि स्थानीय प्रशासन नगरपालिका में गुटबाजी बनाये रखने हेतु प्रत्यनशील है जो योजना की मंशा एवं क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करता है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि स्थानीय अधिकारी शासन प्रशासन को गुमराह करने के लिए चोरी छिपे सर्वे सूची तैयार कर खानापूर्ति कर रहे है जिसमें व्यापक भृष्टाचार की आशंका बनी हुई है। ज्ञापन में मांग की गई कि नगर के सभी 15 वार्डाे में योजना का सर्वे कार्य आरंभ कराकर आवासहीनों के खातों में राशि डाली जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *