राजस्थान बार काउंसिल चुनाव- जोधपुर में कुल 65% मतदान:9 बूथ पर 7,792 वकीलों में से 5049 ने किया मताधिकार का प्रयोगजोधपुर

Election

राजस्थान बार काउंसिल चुनाव- जोधपुर में कुल 65% मतदान:9 बूथ पर 7,792 वकीलों में से 5049 ने किया मताधिकार का प्रयोग
जोधपुर

राजस्थान बार काउंसिल चुनाव-2026 के तहत सोमवार सुबह 8 से शाम 5 बजे तक जोधपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन (पुराना हाईकोर्ट परिसर) के 9 बूथ पर पुनर्मतदान (री-पोलिंग) शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुआ। हाई-पावर्ड इलेक्शन कमेटी और बार काउंसिल प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए यहां के 7792 अधिवक्ता सदस्यों में से 5049 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

निर्वाचन अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. सचिन आचार्य ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए, जिनसे पूरी प्रक्रिया की लाइव निगरानी की गई। वोटर्स को लंबा इंतजार नहीं करना पड़े, इसके लिए यहां एक्स्ट्रा टेबल्स लगाई गई थी। यही वजह रही कि पूरे दिन कहीं भी लंबी कतार की स्थिति नहीं बनी। जोधपुर के अलावा जयपुर हाईकोर्ट, जयपुर सेशन कोर्ट और श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर में भी आज पुनर्मतदान संपन्न हुआ।

सुविधाजनक मतदान के लिए 9 स्टेशन, क्यूआर कोड से पर्ची

जोधपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन में कुल 7,792 अधिवक्ता मतदाता पंजीकृत हैं। इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं की सुविधा और चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पुराने हाईकोर्ट परिसर में 9 अलग-अलग पोलिंग स्टेशन स्थापित किए गए थे। अधिवक्ताओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए मतदाताओं का विभाजन उनके नामांकन (एनरोलमेंट) वर्ष के आधार पर किया गया। बार काउंसिल प्रशासन के अनुसार मतदाता अपनी वोटर स्लिप आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करने की सुविधा दी गई थी। जो मतदाता स्लिप डाउनलोड नहीं कर पाए, उनके लिए मतदान केंद्रों के बाहर भौतिक रूप से और क्यूआर कोड के माध्यम से भी वोटर स्लिप उपलब्ध कराई गई।

प्रत्याशियों के बूथ में जाने पर रोक, डिस्प्ले स्क्रीन से देखे चुनाव

हाई-पावर्ड इलेक्शन कमेटी के चेयरपर्सन जस्टिस (सेवानिवृत्त) जे.आर. मिधा की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार चुनाव में आचार संहिता का सख्ती से पालन करवाया गया। जोधपुर में सभी प्रत्याशियों को मुख्य गेट के दाईं ओर निर्धारित क्षेत्र में ही रहने के सख्त निर्देश दिए गए थे।

किसी भी प्रत्याशी को पोलिंग बूथ के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। हालांकि, प्रत्याशियों को चुनाव प्रक्रिया देखने के लिए बड़ी डिस्प्ले स्क्रीन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त, अधिकारियों ने कहा- शांतिपूर्ण चल रहा मतदान

बार काउंसिल के चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। एडीसीपी (ईस्ट) वीरेंद्रसिंह ने बताया कि चुनाव के लिए पर्याप्त जाब्ता तैनात किया गया और करीब 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी व्यवस्था संभाले रहे। उदयमंदिर थानाधिकारी सीताराम ने बताया कि पूर्व में यहां केवल चार बूथ थे, लेकिन इस बार 9 बूथ बनाकर अंदर-बाहर पूरी तरह से पुलिस बल तैनात रहा। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।”

हैरिटेज परिसर में चल रहे मतदान पर पोलिंग ऑफिसर एडवोकेट सी.एस. कोटवानी ने कहा कि बीती रात आई आंधी के कारण कुछ मामूली व्यवधान हुआ था, लेकिन अब पोलिंग बहुत ही ‘स्मूथली’ चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान अपने निर्धारित समय सुबह 8 बजे से शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक चला। प्रत्येक बूथ में कई पोलिंग स्टेशन (जैसे एक बूथ में 25 स्टेशन तक) बनाए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *