शहरी सेवा शिविर-2026 का आयोजन 12 जून से, आमजन को एक ही स्थान पर मिलेंगी विभिन्न नागरिक सेवाएं

National

कोटपूतली-बहरोड़, 10 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर निकाय क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं नागरिक सेवाओं को सुगम बनाने के उद्देश्य से “शहरी सेवा शिविर-2026” का आयोजन 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाया जाएगा।

शिविरों के दौरान शहर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए साफ-सफाई, सीसी/डामर सड़कों की मरम्मत, फुटपाथ निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, अंधेरी एवं सुनसान सड़कों पर प्रकाश व्यवस्था, प्रमुख चौराहों, डिवाइडरों एवं पार्कों का सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न कार्य करवाए जाएंगे।

इसके साथ ही शिविरों में जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, साइन बोर्ड लाइसेंस, सीवर कनेक्शन, ओएफसी एवं मोबाइल टावर एनओसी, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित कार्य किए जाएंगे।

शिविरों में विभिन्न योजनाओं के तहत पट्टे जारी करने, लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे जारी करने, नालियों की मरम्मत, सीवर लाइन लीकेज की समस्या का समाधान, नामांतरण, खांचा भूमि, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति, भू-उपयोग परिवर्तन सहित लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा।

नगर निकाय द्वारा आयोजित इन शिविरों में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं के लिए नए आवेदन प्राप्त कर पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही आमजन के विभिन्न परिवादों एवं समस्याओं का मौके पर समाधान करने के प्रयास किए जाएंगे।

शिविर प्रभारी एवं सहायक प्रभारी नियुक्त

शहरी सेवा शिविरों के सफल आयोजन के लिए शिविर प्रभारी के रूप में अभिषेक सैनी, सचिव तथा शिविर सहप्रभारी के रूप में कृष्ण कुमार यादव को नियुक्त किया गया है। शिविर का समय प्रातः 9:30 बजे से सायं 6:00 बजे तक रहेगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 जून को नगर परिषद कार्यालय कोटपुतली में वार्ड संख्या 01 से 05, 15 जून को वार्ड संख्या 06 से 10, 16 जून को वार्ड संख्या 11 से 15, 18 जून को वार्ड संख्या 16 से 20, 19 जून को वार्ड संख्या 21 से 25, 22 जून को वार्ड संख्या 26 से 30, 23 जून को वार्ड संख्या 31 से 35 तथा 24 जून को वार्ड संख्या 36 से 40 के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा 25 जून को पंचायत भवन पनियाला में पनियाला, गोनेड़ा, कालूहेड़ा एवं केशवाना क्षेत्र के लिए तथा 29 जून को पंचायत भवन खेड़की मुक्कड़ में खेड़की मुक्कड़, सांगटेड़ा, बीजाहेड़ा, शेखपुर, मलाहेड़ा क्षेत्र के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा।

नगर परिषद प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर शिविरों में पहुंचकर आवश्यक सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *