कोटपुतली। नेशनल लाइमस्टोन कंपनी की मनमानी और नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे खनन के विरोध में अजीतपुरा कलां-कुजोता संघर्ष समिति का अनिश्चितकालीन धरना आज 274वें दिन भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहा। ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर आज जिला कलेक्टर महोदय से मुलाकात की और क्षेत्र की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर (ADM) ओमप्रकाश सारण से भी मुलाकात की। एडीएम सारण ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और विश्वास दिलाया कि जल्द ही नियमानुसार जांच कर इन समस्याओं से निजात दिलाई जाएगी।धरना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया किदूरी के नियमों का उल्लंघन नियमानुसार खनन गतिविधियां आबादी, सड़क और स्कूल से कम से कम 45 मीटर और ब्लास्टिंग क्षेत्र से 300 मीटर की दूरी पर होनी चाहिए। कंपनी इन मानकों को दरकिनार कर रिहायशी इलाकों, स्कूलों और श्मशान भूमि के बिल्कुल पास ब्लास्टिंग कर रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि जब सुरक्षा मानकों के उल्लंघन का विरोध किया गया, तो कंपनी ने कथित तौर पर बाहरी असामाजिक तत्वों को बुलाकर ग्रामीणों और महिलाओं के साथ बदसलूकी करवाई। विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से नेतराम ताखर (सरपंच प्रतिनिधि), रामकरण मीणा (पूर्व सरपंच), महेंद्र मीणा, सुवालाल मीणा, महेंद्र दादरवाल, बिरजू धानका, राम सिंह जाट, रामस्वरूप पंच, भागीरथ मीणा, रोशन आर्य, रमेश चौधरी, धनसीराम जांगिड़, लखमी कटारिया, बनवारी ताखर, शिवलाल जाट, जावेद खान, नसरुद्दीन कुरैशी, अफीज खान, शीशराम होलदार, लालचंद बावरिया सहित सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे।
