अमरीका के होर्मुज स्ट्रेट पर नाकाबंदी लागू करने का तुरंत असर हुआ है और इस समुद्री मार्ग से जहाजों की आवाजाही एक बार फिर लगभग ठप हो गई है। समुद्री खुफिया फर्म लॉयड्स लिस्ट के मुताबिक, नाकाबंदी की घोषणा के बाद ट्रैफिक तुरंत रुक गया और कई जहाजों ने रास्ता बदल लिया या वापस लौट गए हैं। अमरीकी सेंट्रल कमांड ने सोमवार शाम साढ़े सात बजे से ईरान के बंदरगाहों और तटीय इलाकों पर नाकाबंदी (ब्लॉकेड) लागू कर दिया। इसके तहत ईरान के बंदरगाहों में आने-जाने वाले सभी देशों के जहाजों पर नजर रखी जाएगी और उन्हें रोका जा सकता है। अमरीका की नाकेबंदी के तहत ईरान के सभी प्रमुख बंदरगाह निशाने पर होंगे। इसमें फारस की खाड़ी के साथ ओमान सागर में स्थित बंदरगाह भी शामिल हैं। अमरीकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, नाकेबंदी ईरान के बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों से आने-जाने वाले सभी देशों के जहाजों पर लागू होगी। ईरान को टोल देने वाले जहाजों को भी रास्ते में रोक लिया जाएगा। हालांकि, होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले वे जहाज जो ईरान के अलावा अन्य देशों के बंदरगाहों के बीच सफर कर रहे हैं, उन्हें आने-जाने की इजाजत दी जाएगी। उधर, अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि नाकाबंदी का मकसद ईरान की तेल बिक्री रोकना है।
इस बीच वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान में हुई वार्ता के विफल होने के बाद अमरीका ईरान पर दोबारा सैन्य हमले करने पर भी विचार कर रहा है। व्हाइट हाउस ने साफ किया है कि सभी विकल्प खुले हैं और हालात के हिसाब से आगे का फैसला लिया जाएगा।।।
