मुंडावर (संदीप कुमार) खैरथल तिजारा जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश के निर्देशों और सीएमएचओ (CMHO) डॉ. अरविंद गेट के नेतृत्व में आज सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग ने मुंडावर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 680 लीटर मिलावटी, खट्टा और बदबूदार दूध ज़ब्त कर उसे मौके पर ही नष्ट करवा दिया। यह दूषित दूध हरियाणा की वीटा डेयरी में सप्लाई के लिए भेजा जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, पिकअप से बरामद हुए 17 कैन
मिली जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग को इस मिलावटी दूध के परिवहन की सटीक सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने नाकाबंदी कर पिकअप गाड़ी (नंबर RJ-32-GE-5362) को रोककर जांच की। वाहन को मोहित पुत्र सोम सिंह चला रहा था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि पिकअप में रखे 17 स्टील के कैनों में भारी मात्रा में दूध भरा हुआ था, जिसे हरियाणा की वीटा डेयरी भेजने की तैयारी थी।

लैब टेस्टिंग में खुला राज: दूध मिलावटी और बदबूदार
मौके पर पहुँची मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के जरिए जब इस दूध की जांच की गई, तो सच सामने आ गया। जांच में पाया गया कि दूध पूरी तरह से मिलावटी, फटा हुआ और बेहद बदबूदार था, जो इंसानी सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता था। अधिकारियों ने बिना देरी किए सभी 17 कैनों के दूध को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
डेयरी कोड बंद कराने की कार्रवाई शुरू
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह दूषित दूध विक्रम पुत्र प्रहलाद और लोकेश यादव (निवासी भुरियावास) के डेयरी कोड से सप्लाई किया जा रहा था। विभाग अब इस संबंधित डेयरी कोड को हमेशा के लिए बंद कराने की सख्त कानूनी कार्रवाई कर रहा है।
इस पूरी कार्रवाई और अभियान के दौरान टीम में महिपाल सिंह और सुभाष यादव भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
