कोटपूतली-बहरोड़ के प्रागपुरा इलाके में पानी के विवाद में छोटे ने बड़े भाई की हत्या कर दी। बीच-बचाव में आए दूसरे भाई का सिर फट गया। घटना के बाद से आरोपी फरार है।थाना प्रभारी भजनाराम ने बताया- घटना शुक्रवार रात 9 बजे बेरीबांध गांव की दयाराम सिंह की ढाणी की है। अशोक कुमार (58) की हत्या हुई है।

अशोक के बेटे अमित सिंह (32) ने मामला दर्ज कराया है।अमित ने बताया- रात 9 बजे पिताजी घर के बाहर टंकी पर पानी पी रहे थे। इस दौरान चाचा मुकेश सिंह और उनका बेटा श्याम सुंदर, संदीप सिंह, चाची कुसुम कंवर कुल्हाड़ी और फरसा लेकर पहुंचे। पिताजी से पानी ज्यादा काम में लेने को लेकर विवाद करने लगे।विवाद के दौरान चारों ने मिलकर पिताजी पर हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस पर पिताजी जान बचाने के लिए घर की ओर भागे। हमलावर भी पीछे-पीछे दौड़े। पापा लहूलुहान होकर घर के आगे जमीन पर गिर पड़े। पापा को बचाने ताऊजी उम्मेद सिंह आए तो आरोपियों ने उनके भी सिर पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया।
