मनाली एडवेंचर कैंप से लौटे राजकीय महाविद्यालय के रोवर-रेंजर

National

सफलतापूर्वक पूर्ण किया ट्रेकिंग एवं एडवेंचर प्रशिक्षण, समापन समारोह में प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित

कोटपूतली, 8 जून । राजकीय एलबीएस पी.जी. महाविद्यालय, कोटपूतली के रोवर-रेंजर्स ने हिमाचल प्रदेश के मनाली में आयोजित पांच दिवसीय रोवर-रेंजर ट्रेकिंग कम एडवेंचर कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया। 1 जून से 5 जून तक आयोजित इस शिविर में प्रतिभागियों ने साहसिक गतिविधियों, ट्रेकिंग, नेतृत्व विकास, टीम भावना, अनुशासन एवं व्यक्तित्व निर्माण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।


महाविद्यालय की रेंजर मुस्कान कंवर एवं सानिया तथा रोवर नवनीत शर्मा ने शिविर के दौरान विभिन्न साहसिक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। दल का नेतृत्व रेंजर लीडर डॉ. कोमल शर्मा ने किया। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को प्राकृतिक वातावरण में रहकर आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, समूह समन्वय तथा चुनौतियों का सामना करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।


शिविर के समापन समारोह में शिविर संचालक एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के राज्य संगठन आयुक्त पूरण सिंह शेखावत ने सभी रोवर-रेंजर्स एवं रेंजर लीडर्स को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के साहसिक शिविर युवाओं में आत्मविश्वास, साहस, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं तथा उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं।


कोटपूतली लौटने पर महाविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उनके सफल प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की। प्राचार्य डॉ. आर.के. सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों ने शिविर में उत्कृष्ट सहभागिता कर महाविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। वहीं डॉ. पी.सी. जाट सहित महाविद्यालय के शिक्षकों ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड, स्थानीय संघ कोटपूतली की ओर से प्रभारी सहायक जिला कमिश्नर पूर्ण कसाना, प्रभारी सहायक कमिश्नर (प्रशिक्षण) हंसराज यादव, सचिव रामवीर यादव, सहायक सचिव (कार्यालय) सीताराम गुप्ता, सहायक सचिव (प्रशिक्षण) कमलेश कुम्हार, संदीप जांगिड़, अतुल कुमार, राजवीर यादव, रोहिताश्व सैनी एवं पप्पू यादव सहित अनेक पदाधिकारियों ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *