वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिलेभर में कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा विविध गतिविधियों का आयोजन

National

कोटपूतली-बहरोड़, 01 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत सोमवार को जिलेभर में कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन तथा किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया।

अभियान के तहत किसानों को सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा देने के लिए स्प्रिंकलर, ड्रिप एवं पाइप लाइन योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए पात्र किसानों को स्वीकृतियां जारी की गईं। प्राकृतिक, जैविक एवं श्रीअन्न आधारित खेती तथा सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियों पर कार्यशालाओं एवं प्रदर्शनियों का आयोजन कर किसानों को जल की बचत एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों के बारे में जागरूक किया गया।

कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में स्वीकृत विकास कार्यों का अवलोकन किया गया तथा नवीन कार्यों के प्रस्तावों एवं स्वीकृतियों पर भी कार्रवाई की गई। हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत आगामी पौधारोपण कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकाधिक पौधारोपण एवं उनके संरक्षण के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।

कार्यक्रमों के दौरान कम्पोस्टिंग तकनीक के प्रचार-प्रसार, लघु सिंचाई संयंत्रों की प्रदर्शनी तथा प्रगतिशील किसानों के साथ किसान चौपालों का आयोजन किया गया। कृषि विज्ञान केंद्रों पर संगोष्ठियों एवं कृषि शिक्षा कार्यशालाओं के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, जल संरक्षण उपायों तथा फसल उत्पादन बढ़ाने संबंधी जानकारी दी गई।

अभियान के तहत विभिन्न डिग्गियों एवं जल संरचनाओं की साफ-सफाई कर जल संचयन क्षमता बढ़ाने के प्रयास किए गए। साथ ही सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों एवं व्यक्तियों का सम्मान किया गया। अमृत सरोवरों, प्रमुख झीलों एवं बांधों पर किसानों द्वारा जल संरक्षण एवं समृद्धि की कामना के साथ जल प्रार्थनाएं भी आयोजित की गईं।

जिला प्रशासन ने आमजन एवं किसानों से जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने तथा वर्षा जल संचयन, सूक्ष्म सिंचाई और पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

—००००—

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *