कोटपूतली।जिला कारागार में रविवार को ‘‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’’ के तहत सराहनीय मानवीय पहल की गई। भीषण गर्मी को देखते हुये समाजसेवी रतनलाल शर्मा के नेतृत्व में कारागार परिसर में पक्षियों के लिए परिंडे और बंदियों व आगंतुकों के लिए ठंडे व स्वच्छ पानी की व्यवस्था की गई। इसके अंतर्गत परिसर में 11 परिंडे और 11 घड़े (मटके) रखवाए गए हैं, जिससे मूक पक्षियों और इंसानों दोनों को इस तपती गर्मी में राहत मिलेगी। प्याऊ का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि विष्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. अष्वनी गोयल द्वारा किया गया।

शुद्ध खान-पान से शरीर रहता है निरोगी :- उद्घाटन के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉ. गोयल ने कहा कि हमारा भोजन और पानी जितना शुद्ध होगा, हमारा शरीर उतना ही निरोगी और स्वस्थ रहेगा। इस भीषण गर्मी में राहगीरों, बंदियों और मूक पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है।

कैदियों के हृदय परिवर्तन के लिए समाजसेवी ने गोद लिया कारागार :- कारागार के उपकारापाल प्रेमप्रकाश मीणा ने इस पुनीत कार्य के लिए समाजसेवी रतनलाल शर्मा और डॉ. अष्वनी गोयल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि समाजसेवी रतनलाल शर्मा ने पिछले कुछ वर्षों से इस कारागार को कैदियों के सकारात्मक सुधार और हृदय परिवर्तन के लिए गोद ले रखा है। शर्मा के प्रयासों से जेल परिसर में समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, पौधारोपण, योग शिविर और खेलकूद जैसी रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, ताकि बंदी मुख्यधारा से जुड़ सकें। इस दौरान अध्यापक संदीप शर्मा, सौरभ शर्मा, रामेष्वर दयाल, गिरधारी लाल, पूर्णसिंह, मनोज कुमार, सुरेंद्र कुमार, मामचंद, वीरेंद्र कुमार समेत अन्य मौजूद रहें।
