यातायात व्यवस्था सुधारने, अतिक्रमण हटाने एवं जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
कोटपूतली-बहरोड़, 22 मई। जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने एवं आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि पूर्व में बंद किए गए अवैध कट्स को दोबारा खुलने से रोका जाए तथा पुनः संचालित पाए जाने वाले अवैध कट्स को तत्काल प्रभाव से बंद कर जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
ओवरलोड वाहनों पर नियंत्रण को लेकर जिला कलेक्टर ने परिवहन विभाग को नियमित रूप से फील्ड में सक्रिय रहकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के एंट्री प्वाइंट्स पर सघन नाकाबंदी करते हुए ओवरलोड वाहनों को जब्त कर चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके।

शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव एवं पार्किंग समस्याओं को देखते हुए जिला कलेक्टर ने पुलिस, पीडब्ल्यूडी, परिवहन विभाग एवं एनएचएआई की संयुक्त टीम गठित कर यातायात प्रबंधन एवं पार्किंग व्यवस्था के स्थायी समाधान तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद को सड़क किनारे संचालित ठेलों एवं दुकानों के लिए स्थायी मार्किंग करने तथा व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश भी दिए।
जिला कलेक्टर ने सड़कों की गुणवत्ता सुधारने, संकेतक बोर्ड एवं साइनेज लगाने, घुमावदार एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी बोर्ड स्थापित करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने के कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
बैठक में ओवरस्पीडिंग, अवैध क्रॉसिंग, सड़क मरम्मत, यू-टर्न व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं के त्वरित रिस्पॉन्स तथा यातायात नियमों के व्यापक प्रचार-प्रसार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवरस्पीडिंग एवं गलत तरीके से ओवरटेक करने वालों के खिलाफ नियमित एवं सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सर्विस लेन पर अतिक्रमण हटाने तथा हाईवे पर इंटरसेप्टर वाहनों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने संबंधित निकायों को आवारा पशुओं को हाईवे से दूर रखने, हाईवे किनारे संचालित अस्थायी बस स्टॉप को व्यवस्थित एवं सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने तथा आई-रेड पोर्टल पर दर्ज मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक स्थानों पर फेंसिंग, डिवाइडर एवं रिफ्लेक्टर्स लगाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बैठक में अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी रामवतार कुमावत ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए एजेंडे के अनुसार की गई कार्यवाहियों की जानकारी दी।
बैठक में डीटीओ सुनील सैनी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर बाबूलाल, परिवहन विभाग, एनएचएआई, आरएसआरडीसी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए समन्वित प्रयासों पर सहमति व्यक्त की।
—000—
