चुनाव ड्यूटी पर बीमार हुए बीएसएफ जवान विकास यादव शहीद, ठीकरिया में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई

National

संवादाता राहुल शर्मा।
पावटा के निकट ठीकरिया। पावटा कस्बे के निकटवर्ती ठीकरिया गांव के सपूत, 33 BN BSF में तैनात जवान विकास यादव पश्चिम बंगाल चुनाव ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। ड्यूटी के दौरान बीमार होने के बाद कोलकाता के अपोलो अस्पताल में एक माह 10 दिन तक उपचार के बाद मंगलवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।

बुधवार सुबह शहीद का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। सेना की टुकड़ी ने पूरे राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया। शहीद की शहादत से पूरा गांव शोक में डूब गया। संवेदना ऐसी कि पूरे गांव में किसी के घर चूल्हा नहीं जला।

देश सेवा के लिए ठुकरा दी थी पुलिस की नौकरी
शहीद विकास यादव पुत्र श्री मूलचंद यादव पढ़ाई में मेधावी थे। बीएससी मैथ्स से स्नातक विकास का राजस्थान पुलिस व एलडीसी भर्ती में भी चयन हुआ था, लेकिन देश सेवा के जज्बे के चलते उन्होंने बीएसएफ को चुना। पिता मूलचंद यादव एलआईसी से सेवानिवृत्त हैं। बड़े भाई डॉ. पवन यादव का निजी अस्पताल है। उनसे छोटे भाई एनबीसी कंपनी में इंजीनियर तथा सबसे छोटे भाई जैसलमेर में राजस्थान पुलिस में सेवारत हैं। शहीद विकास की शादी छह माह पूर्व पाथरेडी निवासी टीना यादव से हुई थी।

बुखार बना जानलेवा, नहीं बचा सके डॉक्टर
पश्चिम बंगाल में चुनाव ड्यूटी के दौरान विकास को तेज बुखार आया था। उन्हें कोलकाता के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। लगातार इलाज के बावजूद उनकी तबीयत बिगड़ती गई और मंगलवार को वे शहीद हो गए। परिजनों के अनुसार रोज उनकी सेहत में सुधार हो रहा था, लेकिन अचानक स्थिति गंभीर हो गई।

जनसैलाब उमड़ा, नम आंखों से दी अंतिम विदाई
अंतिम यात्रा में वरिष्ठ नेता रामनिवास यादव, भाजपा नेता जी.एल. यादव, जीएसएस अध्यक्ष रामवतार, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सत्तवंत सिंह, महेश चोरिया, हवलदार उमराव कोच, सूबेदार नरेश यादव, दाता सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए। ‘जब तक सूरज-चांद रहेगा, विकास तेरा नाम रहेगा’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच शहीद को मुखाग्नि दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *