शाहजहांपुर। श्री श्याम युवा संकीर्तन संघ शाहजहांपुर के तत्वावधान में श्री श्याम प्रभु खाटू वाले का चतुर्थ विशाल जागरण आज 23 सितंबर 2026 को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में आयोजित किया जाएगा। जागरण को लेकर श्याम भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
जागरण में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आमंत्रित प्रसिद्ध भजन एवं संकीर्तन कलाकार गुरुदेव श्रीयुत दादा कुमार नरेंद्र जी, श्रीयुत कुमार गिर्राज शरण जी (जयपुर), श्रीयुत कुमार संजय जी (मेरठ), श्रीयुत नवीन शर्मा जी (जयपुर) तथा सूफी डीके राजा जी (बरेली) अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से बाबा श्याम का संपूर्ण रात्रि गुणगान करेंगे।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन केवल एक जागरण ही नहीं, बल्कि श्री श्याम युवा संकीर्तन संघ की धार्मिक एवं सामाजिक यात्रा का भी महत्वपूर्ण पड़ाव है। चतुर्थ विशाल जागरण के साथ संघ अपना 51वां द्वादशी महोत्सव भी पूर्ण करने जा रहा है। इस विशेष अवसर को लेकर आयोजन समिति की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जागरण में बाबा श्याम के भजनों के साथ भक्तिमय वातावरण बनेगा और श्रद्धालु देर रात तक बाबा के दरबार में भक्ति रस में सराबोर होंगे। आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्याम प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का आह्वान किया है।
श्री श्याम युवा संकीर्तन संघ की ओर से सभी श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रित करते हुए कहा गया है कि बाबा श्याम के इस भव्य आयोजन में परिवार सहित पहुंचकर धर्मलाभ लें और बाबा के चरणों में अपनी हाजिरी लगाएं।
