खैरथल-तिजारा जिले के एक मंडी व्यापारी ने अलवर आकर सुसाइड कर लिया।मरने से पहले उसने फेसबुक पर पोस्ट कर लिखा कि आईजी और एसपी साहब एएसआई महेंद्र सिंह यादव तिजारा के खिलाफ कार्रवाई करें। ऐसे इंसान को डिसमिस करें। मेरी सारी गवाही और सबूत मिटा दिए गए, जबकि सीओ शिवराज सिंह ने जांच कर मेरे ऊपर सोनू की तरफ से लगे एससी-एसटी के झूठे मुकदमे लगाए एफआर लगाई।

महेंद्र एएसआई तिजारा ने बहुत गलत किया है। मेरे से 18 हजार रुपये रिश्वत ली। मरने वाला झूठ नहीं बोलता। सोनू से सांठगांठ हो गई और फाइल से सारी गवाही हटा दी गई।फेसबुक पर पोस्ट करने के बाद व्यापारी ने तिजारा सीओ शिवराज सिंह को भी मैसेज किया, जिसके बाद उसने अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया। इस दौरान सीओ शिवराज सिंह को शक हुआ तो व्यापारी राजेश गुप्ता (52) की लोकेशन निकलवाने की कोशिश की गई। शुरुआत में लोकेशन नहीं मिली,जिसके बाद सीओ खुद जाप्ते के साथ उसके घर पहुंचे। वहां राजेश का बेटा मिला,लेकिन उसे भी अपने पिता के बारे में जानकारी नहीं थी कि वह कहां गए हैं।
