बिना रोक-टोक आने-जाने लगे जहाज, अमरीका ने खत्म की ईरान की घेराबंदी

National

पश्चिम एशिया में युद्ध खत्म करने के लिए समझौता होने के बाद अमरीका ने ईरान की घेराबंदी खत्म कर दी है। अमरीका के सेंट्रल कमान ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि राष्ट्रपति के निर्देश के अनुसार अमेरिकी सेना ने ईरानी बंदरगाहों और तटीय इलाकों में आने-जाने वाले सभी समुद्री जहाजों पर लगी नाकेबंदी हटा ली है। अमरीकी सेना ईरानी बंदरगाहों पर आने-जाने वाले जहाजों को नहीं रोक रही है। सेना की नाकेबंदी लागू करने की सभी कोशिशें बंद कर दी गई हैं। हमारे बेहतरीन नौसैनिक जहाज उस इलाके में मौजूद रहेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि समझौते की सभी बातों का पालन हो रहा है और वे पूरी तरह से लागू हैं।
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने कहा कि अलग राय होने के बावजूद उन्होंने अमरीका के साथ समझौते को मंज़ूरी दी, हालांकि उन्होंने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन से यह भरोसा मिलने के बाद कि वह ईरानी राष्ट्र के अधिकारों की रक्षा करेंगे, उन्होंने (श्री खामेनेई) इस समझौता को होने दिया। उन्होंने कहा कि भले ही भविष्य में ईरान और अमरीका के बीच आमने-सामने बातचीत होगी, लेकिन इसका मतलब दुश्मन के रुख को स्वीकार करना नहीं होगा।
ट्रंप ने सभी मोर्चों पर युद्धविराम का आह्वान किया
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमरीका को सभी मोर्चों पर पूरी तरह से युद्धविराम की उम्मीद है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया ट्रुथ पर एक पोस्ट में लिखा कि हम सभी मोर्चों पर पूर्ण युद्धविराम की अपेक्षा करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *