कोटपूतली। स्थानीय न्यायालय परिसर से जुड़े स्टाम्प विक्रेता के यहां हुई चोरी की घटना के मामले में पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने के विरोध में सोमवार से अधिवक्ताओं, स्टाम्प विक्रेताओं एवं डीड राइटर्स ने संयुक्त रूप से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। विरोध स्वरूप सभी संगठनों ने अपने कार्य पूरी तरह बंद रखे, जिससे न्यायालय एवं तहसील परिसर में कामकाज प्रभावित रहा।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन पर मामले को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाते हुए चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि घटना को दो माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे आमजन और व्यापारिक वर्ग में रोष व्याप्त है।

संघों के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक चोरी की घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
कार्य बहिष्कार के कारण न्यायालय एवं तहसील से संबंधित विभिन्न कार्य प्रभावित रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
