कोटपूतली-बहरोड पुलिस थाना नारायणपुर ने भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सक्रिय एक शातिर जेब तराश को धर दबोचने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी के पास से चोरी की गई पूरी राशि बरामद कर ली गई है।पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड, सतवीर सिंह (IPS) ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में बढ़ते अपराधों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नाजिम अली खान (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कोटपूतली) के निर्देशन, सुश्री मेघा गोयल (RPS, वृताधिकारी बानसूर) के सुपरविजन और रोहिताश (पुलिस निरीक्षक, थानाधिकारी नारायणपुर) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस की टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए सुमेर उर्फ नरेश (उम्र 33 वर्ष) पुत्र शेरसिंह, निवासी खेडकी मुक्कड (थाना पनियाला, जिला कोटपूतली-बहरोड) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मुख्य रूप से भीड़-भाड़ वाले स्थानों को अपना निशाना बनाता था और बड़ी ही सफाई से लोगों की जेब तराश कर फरार हो जाता था।पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी द्वारा चोरी की गई नकदी को शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। फिलहाल, पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है।
