नीमराना में राम जन्म की लीला का हुआ भव्य मंचन, बधाई गीतों से गूंजा रामलीला परिसर

National

नीमराना। आदर्श कला रंगमंच की ओर से तालाब परिसर नीमराना में आयोजित रामलीला के तीसरे दिन भगवान श्रीराम के जन्म की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने रावण, कुंभकरण और विभीषण की तपस्या से लेकर भगवान विष्णु के श्रीराम के रूप में अवतार लेने तक की कथा का सजीव चित्रण किया।

लीला में दिखाया गया कि दशानन रावण, कुंभकरण और विभीषण ने ब्रह्मा जी की घोर तपस्या कर वरदान प्राप्त किए। इसके बाद रावण ने मयदानव को पंजा युद्ध में हराकर उसकी पुत्री मंदोदरी से विवाह किया और लंका पर अपना राज्य स्थापित किया। सत्ता प्राप्त करने के बाद रावण द्वारा साधु-संतों पर अत्याचार किए जाने से पृथ्वी पर हाहाकार मच गया। साधु-संतों और देवताओं की पुकार पर भगवान विष्णु ने श्रीराम के रूप में राजा दशरथ के घर अवतार लेने की लीला का मंचन किया गया।

रामलीला में रावण की भूमिका कर्मपाल सिंह चौहान, कुंभकरण की भूमिका कुणाल सिंह चौहान, ब्रह्मा की भूमिका चितर सिंह चौहान और विभीषण की भूमिका मुकेश जांगिड़ ने निभाई। देवताओं की पुकार में उमेश चौधरी, देवेंद्र भारद्वाज और धर्मपाल धर्म ने अभिनय किया। पृथ्वी की भूमिका संदीप सिंह राव ने निभाई। राजा दशरथ के रूप में लखन सिंह चौहान, गुरु वशिष्ठ के रूप में देवेंद्र भारद्वाज और सुमंत की भूमिका में अशोक मरोड़िया नजर आए।

भगवान विष्णु के चतुर्भुज स्वरूप में मयंक प्रताप सिंह चौहान, श्रृंग ऋषि की भूमिका में महेंद्र भारद्वाज, अग्निदेव के रूप में जय शर्मा और मंदोदरी की भूमिका में नैतिक व्यास ने अभिनय किया। पूरी लीला का मंचन आदर्श कला रंगमंच के निदेशक सुनील शर्मा के निर्देशन में किया गया।

भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर गाए बधाई गीत

भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर स्वर्गीय गुरु मधु किन्नर की टीम ने बधाई गीत गाकर जन्मोत्सव की खुशियां मनाने का अभिनय किया। इस दौरान हास्य कलाकार एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश टेलर, सुगन टेलर और वंशराज सिंह चौहान ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। राम जन्म की लीला के दौरान रामलीला परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

आयोजकों के अनुसार रामलीला के अगले दिन भगवान श्रीराम की कथा से जुड़ी ताड़का वध की लीला का मंचन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *