नीमराणा। एल्डिको सोसायटी के पास खोखे पर गांजा और स्मैक बेचने के आरोप में गिरफ्तार दोनों युवकों को पुलिस ने शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया।

थानाधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि एल्डिको सोसायटी के पास स्थित एक खोखे पर मादक पदार्थों की अवैध बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रवि (21) पुत्र राजकुमार वाल्मीकि निवासी करनीकोट, थाना मुंडावर, जिला खैरथल-तिजारा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1 किलो 177 ग्राम गांजा बरामद किया गया। वहीं दूसरे आरोपी दीपाशू (21) पुत्र मुकेश जाट निवासी चांदी, थाना लाखन माजरा, जिला रोहतक के कब्जे से 4.22 ग्राम स्मैक बरामद की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने दोनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा और स्मैक कहां से लाई जा रही थी तथा इनकी सप्लाई किन-किन स्थानों पर की जा रही थी। साथ ही पुलिस मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
