नारनौल।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंढाणा की टीम ने बुधवार को राजकीय मॉडल स्कूल मंढाणा में एचपीवी वैक्सीन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं को एचपीवी संक्रमण और इससे होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. नरेंद्र ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंढाणा का दौरा किया। इसके बाद डॉ. अनिल कुमार, डॉ. काजल यादव, कंवरपाल बाबू एवं सुरेंद्र कुमार सूचना सहायक ने स्कूल स्टाफ के साथ मिलकर छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक किया।

स्वास्थ्य टीम ने विशेष रूप से 14 वर्ष की छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन लगवाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। छात्राओं को बताया गया कि एचपीवी संक्रमण से बचाव के लिए कम उम्र में टीकाकरण काफी महत्वपूर्ण है। भारत की स्वास्थ्य संबंधी तकनीकी गाइडलाइन में भी 9 से 14 वर्ष की किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण की सिफारिश की गई है।
स्वास्थ्य टीम ने छात्राओं और स्कूल स्टाफ से अपील की कि वे एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति में न रहें और स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी जा रही जानकारी को गंभीरता से लें। इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य किशोरियों को स्वस्थ भविष्य की ओर प्रेरित करना और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
