बेजुबानों की प्यास बुझाने में जुटे युवा, शहर की खेलियों को साफ कर भरा पानी

National

नारनौल।भीषण गर्मी के बीच बेजुबान पशु पक्षियों के लिए चलाए जा रहे जल सेवा अभियान को आगे बढ़ाते हुए भोलेनाथ ग्रुप, युवा साथी ग्रुप हरियाणा और उड़ान जनसेवा ट्रस्ट ढाणी बाठोठा के सदस्यों ने रविवार को शहर के छोटा बड़ा तालाब, नई सराय और माता मसानी क्षेत्र में स्थित पानी की खेलियों की सफाई कर उन्हें स्वच्छ पानी से भरने का कार्य किया। टीम लगातार कई दिनों से क्षेत्र में बेजुबानों के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटी हुई है।


संस्थाओं के सदस्यों ने बताया कि बढ़ते तापमान के कारण पशु-पक्षियों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए टीम द्वारा नियमित रूप से खेलियों की सफाई, उनमें पानी भरने तथा जरूरत पड़ने पर नई व्यवस्थाएं करने का कार्य किया जा रहा है। इससे पहले भी संस्थाओं की टीम विभिन्न स्थानों पर पानी के सकोरे रखने, खेलियों की सफाई करने और जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने जैसे कार्य कर चुकी है।
इस दौरान कृष्ण, संदीप सैनी, अजय, पंकज भोले सहित अन्य सदस्यों ने श्रमदान कर अभियान को सफल बनाया।

पंकज भोले ने कहा कि सेवा का सबसे बड़ा रूप वही है जिससे किसी जरूरतमंद को राहत मिले। गर्मी के मौसम में बेजुबान पशु पक्षियों के लिए पानी उपलब्ध कराना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से भी अपने आसपास पानी की व्यवस्था करने की अपील की।

संदीप सैनी ने कहा कि हमारी टीम का प्रयास है कि क्षेत्र में कोई भी बेजुबान पानी के अभाव में परेशान न हो। इसके लिए लगातार विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है और जहां जरूरत है वहां पानी की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने युवाओं से ऐसे सेवा कार्यों में बढ़ चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *