दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रेवाड़ी जिले के मसानी बैराज के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। बहरोड़ स्थित Rath International School की स्कूल बस और एक आयशर कैंटर की जोरदार टक्कर हो गई।

बताया जा रहा है कि स्कूल बस में करीब 20 बच्चे सवार थे, जो दिल्ली टूर पर जा रहे थे। हादसे के बाद कैंटर सड़क पर पलट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

हादसे में स्कूल बस चालक और कैंटर चालक घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
