रविवार को योगी कैबिनेट का दूसरी बार विस्तार होगा। दोपहर 3:30 बजे 5-6 नए मंत्री शपथ लेंगे। सीएम योगी शनिवार शाम करीब 6:30 बजे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मिलने पहुंचे। योगी ने राज्यपाल को नए मंत्रियों की लिस्ट सौंपी।
कयास हैं कि कुछ मंत्रियों को हटाया भी जा सकता है। ऐसा हुआ तो शपथ लेने वाले मंत्रियों की संख्या बढ़ सकती है। सपा से बागी विधायक मनोज पांडेय का नाम तय है। पूजा पाल का मंत्री बनना भी लगभग पक्का है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, सुरेंद्र दिलेर और कृष्णा पासवान के नाम फाइनल हैं। नाई समाज से एमएलसी रामचंद्र प्रधान, विश्वकर्मा समाज से वाराणसी के भाजपा एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा को मंत्री बनाया जा सकता है।
ब्राह्मण समाज से पूर्व मंत्री श्रीकांत शर्मा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला भी दौड़ में हैं। अभी सीएम समेत कुल 54 मंत्री हैं। 6 मंत्री और बन सकते हैं। योगी 2.0 का पहला विस्तार 5 मार्च 2024 को हुआ था।
