पदभार ग्रहण समारोह में विधायक ललित यादव रहे मुख्य अतिथि, उपचेयरमैन समेत कांग्रेस के सभी पार्षद रहे मौजूद
नीमराना। नीमराना नगरपालिका की नवनिर्वाचित चेयरमैन दिलकौर देवी ने गुरुवार को विधिवत रूप से नगरपालिका चेयरमैन का पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण समारोह में विधायक ललित यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। चेयरमैन के पदभार संभालने के साथ ही नगरपालिका की नई बोर्ड के कामकाज की औपचारिक शुरुआत हो गई।

पदभार ग्रहण समारोह में उपचेयरमैन, चेयरमैन प्रतिनिधि रविन्द्र यादव, अशोक मुद्गल, भूपेंद्र यादव, अशोक दौराता सहित कांग्रेस के समस्त पार्षद मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने चेयरमैन दिलकौर देवी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
विकास कार्यों को लेकर जताई प्रतिबद्धता
पदभार ग्रहण के बाद नगरपालिका से जुड़े विकास कार्यों और आमजन से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई। नई बोर्ड के सामने शहर में सड़क, सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, नालियों एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर करने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां रहेंगी।
समारोह में मौजूद विधायक ललित यादव ने भी नगरपालिका क्षेत्र के विकास को लेकर जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम करने की बात कही। वहीं चेयरमैन दिलकौर देवी ने पद की जिम्मेदारी संभालते हुए नगरपालिका क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का संकल्प जताया।

कांग्रेस पार्षदों की रही मौजूदगी
पदभार ग्रहण समारोह में कांग्रेस के सभी पार्षदों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। नवनिर्वाचित बोर्ड के सामने अब शहर की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और चुनाव के दौरान किए गए विकास संबंधी वादों को धरातल पर उतारने की चुनौती रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा और चेयरमैन दिलकौर देवी का स्वागत किया गया। पदभार ग्रहण के साथ ही नीमराना नगरपालिका में नई चेयरमैन और नई बोर्ड के नेतृत्व में विकास की नई पारी की शुरुआत हो गई है।
