वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिलेभर में आयोजित हुई विविध गतिविधियां

big breking news

कोटपूतली-बहरोड़, 4 जून। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जिलेभर में विभिन्न विभागों द्वारा जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जनजागरूकता से संबंधित विविध कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया।

जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान 2.1 एवं 2.2 के अंतर्गत पूर्ण हुए कार्यों का अवलोकन किया गया तथा विभिन्न कार्यों का लोकार्पण किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान 2.2 एवं 2.3 के अंतर्गत नवीन कार्यों की स्वीकृति एवं शुभारंभ की प्रक्रियाएं संपादित की गईं। विभाग द्वारा ओरण एवं चारागाहों के चिन्हीकरण, पौधरोपण एवं घास बुआई कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा बीज बैंक गतिविधियों का संचालन किया गया। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत प्रस्तावित पौधरोपण कार्यक्रमों की तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया गया।

अभियान के तहत मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान 2.0 के चयनित ग्रामों में ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर जल चौपालों का आयोजन किया गया, जिसमें निर्मित एवं प्रस्तावित जल संग्रहण तथा जल संरक्षण कार्यों पर चर्चा करते हुए ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा विभिन्न सरकारी भवनों में स्थापित वर्षा जल संचयन संरचनाओं (आरडब्ल्यूएचएस) की साफ-सफाई करवाई गई तथा सड़क किनारे प्रस्तावित पौधरोपण कार्यक्रमों के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गईं।

वहीं खेल विभाग, नेहरू युवा केंद्र, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जल एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर निबंध लेखन, नारा लेखन, चित्रकला एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साथ ही विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को जल संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

जिलेभर में आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनसहभागिता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

—०००—

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *