मनेठी के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की बड़ी उपलब्धि, चार विद्यार्थियों का अंतर्राज्यीय शैक्षणिक भ्रमण के लिए चयन

National

मनेठी। मुण्डावर ब्लॉक के अंतर्गत राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मनेठी के लिए यह गौरव का विषय है कि कक्षा 8वीं के चार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का वर्ष 2026-27 में ए.पी.जे. अब्दुल कलाम व्यक्तित्व विकास योजना के अंतर्गत 10 दिवसीय अंतर्राज्यीय शैक्षणिक भ्रमण के लिए चयन हुआ है। राज्य सरकार की ओर से आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न स्थानों का भ्रमण करने और नई चीजों को सीखने का अवसर मिलेगा।

चयनित विद्यार्थियों में भूमिका पुत्री रामभरोस, मनेठी, प्राची शर्मा पुत्री राजेंद्र शर्मा, मनेठी, कुमकुम पुत्री कमल जांगिड़, जालावास तथा जिया पुत्री जितेंद्र जांगिड़, जालावास शामिल हैं।

प्रिंसिपल श्री प्रवीण कुमार यादव ने सर्वप्रथम चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देने के साथ हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यालय की इस उपलब्धि पर समस्त स्टाफ को बधाई दी। वहीं, हेडमास्टर श्री देशराज एवं विद्यालय स्टाफ के रविन्द्र शर्मा, रेखा यादव, प्रतिभा यादव, सुमन, कृष्णा चौधरी, मोहनलाल एवं सुनील शर्मा ने भी चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

साथ ही विद्यालय के शिक्षक रविन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों का इस तरह की शैक्षणिक गतिविधियों के लिए चयन होना विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर विद्यार्थियों के ज्ञान, अनुभव और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय ने पूर्व में भी शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। अब चार विद्यार्थियों का अंतर्राज्यीय शैक्षणिक भ्रमण के लिए चयन होना विद्यालय की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ गई है।

चार विद्यार्थियों के चयन से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और मनेठी गांव में खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *