जयपुर में चांदी के कड़ों के लिए महिला की हत्या:8 दिन बाद कुएं से मिली लाश, घर से दवाई लेने के लिए निकली थी

National

जयपुर में गुरुवार सुबह कुएं में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पिछले 8 दिन पहले लापता होने पर परिजन उसे ढूंढ रहे थे। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की शुरूआती जांच में चांदी के कड़ों के लिए महिला की हत्या करने का कारण सामने आया है।

SHO (शिवदासपुरा) राजेन्द्र मीणा ने बताया- मृतक की पहचान बीना देवी (53) निवासी बल्लूपुरा शिवदासपुरा के रुप में हुई है। वह पिछले करीब 8 दिनों से लापता थी। शिवदासपुरा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई हुई थी।

हनुमानपुरा पावर ग्रिड के पीछे ढूंढ नदी के पास स्थित कुएं से गुरुवार सुबह बदबू उठने पर ग्रामीणों ने देखा। कुएं के अंदर लाश पड़ी होने का पता चलने पर बड़ी संख्या में भीड़ लग गई। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सिविल डिफेंस व एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। पुलिस ने शव को निकलवाने के साथ ही एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं।

दवाई लेने के लिए गई थी।

पुलिस का कहना है कि मृतका बीना देवी मजदूरी का काम करती थी। 11 जून को दोपहर करीब 12 बजे वह दवाई लेने घर से निकली थी। उसके बाद वापस नहीं लौटने पर परिजन उसे ढूंढ रहे थे।

गुरुवार सुबह घर से करीब 2 किलोमीटर दूर कुएं में उसकी लाश मिली। महिला के पैर में पहने चांदी के कड़े गायब थे। प्रथमदृष्टया माना जा रहा है कि चांदी के कड़ों को लूटने के लिए उसकी हत्या की गई थी। और शव को कुएं में फेंककर ठिकाने लगा दिया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम व एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *