जिले के जर्जर एवं असुरक्षित भवनों पर सख्त हुई जिला कलक्टर, पांच दिन में मांगी सर्वे रिपोर्ट

National

अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने जिले में असुरक्षित, जर्जर एवं क्षतिग्रस्त भवनों के संबंध में समीक्षा बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने असुरक्षित भवनों को जमींदोज करने तथा क्षतिग्रस्त भवनों की आवश्यकता अनुसार मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कलक्टर ने सरकारी एवं निजी जर्जर भवनों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि आगामी पांच दिवस में जिले के सभी सरकारी विद्यालयों, चिकित्सा विभाग एवं अन्य विभागों के भवनों की नवीन सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि सर्वे रिपोर्ट में संबंधित भवनों के स्थायी एवं वैकल्पिक समाधान का भी स्पष्ट उल्लेख किया जाए।

डॉ. शुक्ला ने बताया कि जिले में लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि से 300 से अधिक भवनों की मरम्मत कराई जा चुकी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन भवनों एवं कक्षों की मरम्मत के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है, उनके कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराए जाएं।

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जर्जर भवनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *